मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने कस्बा खतौली पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और विभिन्न स्थानों पर पुलिस की तैनाती एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राव सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक अपराध ने खतौली के बस स्टैंड, प्रमुख बाजारों तथा भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। पर्व के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कहा गया।उन्होंने निर्देशित किया कि सार्वजनिक स्थानों और बाजारों में संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की लगातार चेकिंग की जाए। इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखते हुए महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए। पुलिसकर्मियों को यह भी निर्देश दिए गए कि किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक अपराध ने अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी लेते हुए आपसी समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस की सक्रियता से बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है।























































