क्रुणाल पंड्या की होगी टीम इंडिया में वापसी?

अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है जिसके लिए टीम इंडिया का सेलेक्शन जल्द हो सकता है. रिपोर्ट्स हैं कि टीम इंडिया में क्रुणाल पंड्या की वापसी हो सकती है. बाएं हाथ का ये ऑलराउंडर पिछले पांच सालों से टीम इंडिया से बाहर है. वो आखिरी बार टी20 मैच साल 2021 में खेले थे. अब रिपोर्ट्स हैं कि क्रुणाल पंड्या के नाम पर सेलेक्टर्स विचार करने वाले हैं. वो अफगानिस्तान टी20 सीरीज में खेलते दिख सकते हैं.

किसकी जगह मिलेगा क्रुणाल को मौका?

सवाल ये है कि क्रुणाल की अगर टी20 टीम में वापसी होगी तो वो किसकी जगह लेंगे? बताया जा रहा है कि उन्हें अक्षर पटेल की जगह मौका मिल सकता है. अक्षर पटेल बतौर बल्लेबाज आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ हुई टी20 सीरीज में बुरी तरह फेल हुए थे. उनका बेस्ट स्कोर 15 रन रहा था जो कि उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ बनाया था. बाएं हाथ का ये स्पिनर विकेट भी सिर्फ 4 ही ले पाया था. इतने खराब प्रदर्शन के बाद अब सेलेक्टर्स क्रुणाल पंड्या को मौका देने पर विचार कर रहे हैं.

क्रुणाल पंड्या ने दिखाया है दम

क्रुणाल पंड्या ने आईपीएल 2026 में कमाल प्रदर्शन करते हुए आरसीबी को लगातार दूसरा खिताब जिताने में अहम भूमिका अदा की थी. बाएं हाथ के इस ऑलराउंडर ने 37.66 की औसत से 226 रन बनाए. इसके अलावा उन्होंने 14 विकेट भी हासिल किए. उनका इकॉनमी रेट भी महज 8.41 रन प्रति ओवर रहा. इसके अलावा क्रुणाल पंड्या फील्डर भी कमाल हैं और वो पावरप्ले से लेकर डेथ ओवर्स में भी गेंदबाजी कर सकते हैं, यही वजह है कि सेलेक्टर्स अब उनकी ओर देख रहे हैं.

हार्दिक पंड्या भी हो गए फिट

रिपोर्ट्स हैं कि हार्दिक पंड्या भी अफगानिस्तान टी20 सीरीज के लिए पूरी तरह फिट हो चुके हैं. ये खिलाड़ी आईपीएल के बाद से ही सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में है. उनके अलावा नीतीश रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर को भी फिट बताया जा रहा है. जसप्रीत बुमराह की फिटनेस भी लगभग 100 फीसदी हो चुकी है लेकिन उन्हें अभी आराम ही दिया जाएगा. अब देखना ये है कि अफगानिस्तान टी20 सीरीज में कौन-कौन से खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे?

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts