औरैया। आगामी 1 नवंबर 2026 से शुरू होने वाली धान खरीद के साथ बाजरा और मक्का खरीद को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी बृजेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, ककोर में कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधकों और सभी धान क्रय केंद्र प्रभारियों को खरीद प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने शासन की ओर से जारी खरीद संबंधी निर्देशों की जानकारी दी। केंद्र प्रभारियों को क्रय केंद्रों पर बैनर लगाने, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, अभिलेखों के रखरखाव और ऑनलाइन खरीद प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
किसानों के साथ अच्छा व्यवहार करने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को प्रतिदिन निर्धारित समय पर केंद्रों पर उपस्थित रहने और किसानों से संपर्क कर उनका पंजीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि धान खरीद के दौरान किसानों के धान को अनावश्यक रूप से रिजेक्ट न किया जाए और किसानों के साथ मधुर व्यवहार किया जाए। किसान पंजीकरण और उसके सत्यापन पर विशेष ध्यान देने के साथ ही अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा किसानों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।डीएम ने चेतावनी दी कि खरीद प्रक्रिया में लापरवाही, किसानों को परेशान करने या बिचौलियों की संलिप्तता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
28 केंद्रों पर होगी धान खरीद
जनपद में धान खरीद के लिए कुल 28 क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें खाद्य विभाग के 16, पीसीएफ के पांच, पीसीयू के पांच और एफसीआई के दो केंद्र शामिल हैं। अब तक धान बिक्री के लिए कुल 405 किसानों ने पंजीकरण कराया है।वहीं, मंडियों में धान लेकर आने वाले किसानों की उपज की बिक्री के लिए मंडी सचिव को खुली बोली के माध्यम से नीलामी कराने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में सुविधा मिल सके।
शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम स्थापित
किसानों की सहायता और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम संचालित किया जा रहा है। किसान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
– कार्यालय फोन: 05683-249668
– मोबाइल नंबर: 8564098675
– मोबाइल नंबर: 7078640500
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम कृपाल चौधरी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद, प्रभागीय वनाधिकारी सीपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर बृहमानंद, डिप्टी कलेक्टर अरसला नाज, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्रय केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।















