औरैया जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिधूना थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त पुलिस टीम ने चलती मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी महिला के हाथ से झपट्टा मारकर पर्स छीनने की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 12 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, 4200 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, चांदी की एक जोड़ी तोड़िया, महिला का पर्स और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार घटना 13 नवंबर 2026 की दोपहर करीब 2:40 बजे की है। थाना बिधूना क्षेत्र के ग्राम उडेलापुर निवासी सुरेश कुमार अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से अछल्दा जा रहे थे। इसी दौरान रुरुगंज स्थित सिद्ध विनायक गेस्ट हाउस के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी पत्नी के हाथ से पर्स झपट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना बिधूना में मुकदमा अपराध संख्या 367/2026 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक औरैया एवं क्षेत्राधिकारी बिधूना के पर्यवेक्षण में थाना बिधूना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान चिरकुआ पुलिया के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव उर्फ सन्जू यादव निवासी ग्राम सुल्तानपुर थाना ऐरवाकटरा, अंकित कुमार निवासी गुजरीपुर थाना कुदरकोट और अजय कुमार उर्फ भोलू राठौर निवासी ग्राम दोबा थाना ऐरवाकटरा, जनपद औरैया के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर 13 नवंबर को रुरुगंज के पास महिला से पर्स छीनने की घटना स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक पर्स में कुल आठ हजार रुपये थे, जिसमें से कुछ रकम आरोपियों ने खर्च कर दी थी, जबकि शेष 4200 रुपये बरामद कर लिए गए। इसके अलावा महिला का पर्स, मोबाइल फोन और एक जोड़ी तोड़िया भी बरामद हुई हैं। आरोपी कथित तौर पर चोरी किए गए सामान को बेचने के लिए बेला की तरफ जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इस मामले में संजीव उर्फ सन्जू यादव के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 369/2026 दर्ज किया गया है। वहीं मुख्य मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार संजीव उर्फ सन्जू यादव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में चोरी और आर्म्स एक्ट से संबंधित दो मुकदमे थाना ऐरवाकटरा में दर्ज हैं। अन्य दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी पुलिस जुटा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना बिधूना के प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह, एसओजी/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक समित चौधरी मय टीम तथा उपनिरीक्षक अजय प्रताप सिंह की अहम भूमिका रही।
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला से पर्स छीनने की घटना का सफल अनावरण किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से छीना गया सामान, नकदी, अवैध असलहा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।















