मुजफ्फरनगर। एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल परिसर में निःशुल्क मासिक नेत्र रोग चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ एमजी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सतीश चंद गोयल ने किया। इस अवसर पर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष रोहित सिंघल, वरदान धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय प्रेमपुरी के अध्यक्ष शिवचरण दास गर्ग तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. मृणालिनी अनन्त उपस्थित रहे। प्रधानाचार्या ने अतिथियों, चिकित्सकों और नेत्र रोगियों का विद्यालय परिसर में स्वागत किया।
एमजी चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष सतीश चंद गोयल ने बताया कि विद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय हरबंस लाल गोयल और स्वर्गीय विमलावती देवी की पुण्य स्मृति में प्रत्येक माह के चौथे रविवार को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाता है। यह शिविर वरदान धर्मार्थ नेत्र चिकित्सालय, प्रेमपुरी के सहयोग से नियमित रूप से लगाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को आंखों की जांच, उचित उपचार और चिकित्सा परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराना है।
शिविर में वरदान नेत्र चिकित्सालय की वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. स्वाति अग्रवाल ने मरीजों की आंखों की जांच की और उन्हें आवश्यक उपचार संबंधी परामर्श दिया। अक्टूबर माह में आयोजित शिविर में कुल 75 लोगों की आंखों का परीक्षण कर उन्हें उचित सलाह दी गई। जरूरत के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। जांच के दौरान 24 लोगों में मोतियाबिंद की शिकायत पाई गई। इन मरीजों की सहमति से उन्हें निःशुल्क ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि विद्यालय परिसर में अगला निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर 22 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजे से आयोजित किया जाएगा। शिविर के सफल आयोजन में डॉ. स्वाति अग्रवाल, उनके सहयोगी कर्मचारियों और एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल के स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।















