उज्ज्वला योजना के 1.89 करोड़ परिवारों को गैस रिफिल सब्सिडी का वितरण.

मुजफ्फरनगर। दीपावली के अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी वितरित की गई। इसके लिए प्रदेश सरकार की ओर से 1500 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला पंचायत सभागार में किया गया। यहां विधायक बुढ़ाना राजपाल सिंह बालियान, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह तथा जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय सहित अन्य अधिकारियों और लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना और देखा।

इस अवसर पर विधायक राजपाल सिंह बालियान ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया से इस योजना की शुरुआत की थी। स्वच्छ ईंधन, बेहतर जीवन के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना का लक्ष्य गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों की महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराना है। इससे महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिलने के साथ स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और वायु प्रदूषण को कम करने में मदद मिल रही है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत जनपद में तीनों तेल कंपनियों आईओसी, एचपीसी और बीपीसी के कुल 2,56,386 उज्ज्वला गैस कनेक्शन संचालित हैं। प्रत्येक रिफिल पर कुल 957 रुपये की सब्सिडी अनुमन्य है, जिसमें केंद्र सरकार की ओर से 304.60 रुपये और प्रदेश सरकार की ओर से 652.40 रुपये दिए जाते हैं। सब्सिडी की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। कार्यक्रम में विधायक राजपाल सिंह बालियान, डॉ. वीरपाल निर्वाल, मीनाक्षी स्वरूप, अमित कुमार और गंभीर सिंह ने उज्ज्वला योजना की 10 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए। सभी ने लाभार्थियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए योजना का लाभ उठाने की अपील की।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts