औरैया। जिले में दीपावली के अवसर पर आतिशबाजी की दुकानें लगाने को लेकर वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। पुरानी नुमाइश मैदान में पटाखों की दुकानें लगाने के लिए ठेकेदार पर रुपये मांगने का आरोप लाइसेंसधारक व्यापारियों ने लगाया है।
व्यापारियों का आरोप है कि रुपये न देने पर उन्हें दुकानें नहीं लगाने देने की बात कही जा रही है।मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका चेयरमैन अनूप गुप्ता की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया है। इस प्रकरण के सामने आने के बाद आतिशबाजी कारोबारियों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
चेयरमैन ने कहा,ठेकेदार को रुपये देने की जरूरत नहीं.
नगर पालिका चेयरमैन अनूप गुप्ता ने स्पष्ट कहा है कि आतिशबाजी की दुकान लगाने के लिए किसी भी ठेकेदार को रुपये देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने इस मामले में शिकायत के आधार पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है।अब मामले में प्रशासन की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर व्यापारियों की नजरें टिकी हैं। फिलहाल, ठेकेदार पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और प्रशासनिक जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।














