आगरा। ताजनगरी के एक सितारा होटल में कर्मचारी के साथ कथित बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि होटल के रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारी और एक गेस्ट के बीच कम्युनिकेशन को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान गेस्ट ने कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। मामला सामने आने के बाद होटल मैनेजमेंट ने संबंधित गेस्ट को हमेशा के लिए ब्लैकलिस्ट करने का फैसला लिया है।
जानकारी के मुताबिक, होटल के रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारी की अंग्रेजी को लेकर गेस्ट के साथ बातचीत के दौरान गलतफहमी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गेस्ट ने कर्मचारी के साथ मारपीट करते हुए उसे थप्पड़ मार दिया।
बताया गया है कि कर्मचारी ने नौकरी जाने के डर से मामले की शिकायत नहीं की। वह एक किसान परिवार से आता है और होटल की नौकरी को अपने लिए महत्वपूर्ण मानता है। ऐसे में उसने शिकायत करने से परहेज किया।
मामले की जानकारी होटल मैनेजमेंट तक पहुंचने के बाद गेस्ट के खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया गया। होटल प्रबंधन ने उसे भविष्य में होटल में प्रवेश और सेवाएं देने से रोकने के लिए हमेशा के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया।















