मुजफ्फरनगर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) मुजफ्फरनगर चैप्टर की ओर से होटल मूलचंद रिसॉर्ट्स में दीपावली मिलन समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह में औद्योगिक इकाइयों से जुड़े सदस्यों और उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में एमडीए की वाइस चेयरमैन प्रणता ऐश्वर्या, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) गंभीर सिंह, चीफ इंजीनियर विनोद कुमार गुप्ता और चीफ फायर ऑफिसर अनुराग कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ चैप्टर चेयरमैन अमित जैन और सेक्रेटरी राहुल मित्तल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान संगठन के पूर्व चेयरमैन भी मौजूद रहे। समारोह का मुख्य आकर्षण भारतीय संस्कृति और पौराणिक विरासत पर आधारित चार युगों की विशेष प्रस्तुति रही। इसमें सतयुग, त्रेतायुग, द्वापरयुग और कलियुग को आकर्षक वेशभूषा और प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से दर्शाया गया। इस प्रस्तुति की परिकल्पना और रूपरेखा तैयार करने में स्मिता जैन का विशेष योगदान रहा। प्रस्तुति में राजवी जैन, स्मिता जैन, नीतू सिंघल, वंदना सिंघल, नेहा गुप्ता, शालिनी अग्रवाल, स्पर्श अग्रवाल, पलक अग्रवाल, सूरज तनेजा, ट्विंकल तनेजा, प्राचीर अरोड़ा, सौम्या अरोड़ा, आर्यन सिंघल, कार्तिक जलोत्रा, नमन जैन और सीए अतुल अग्रवाल ने भूमिका निभाई।
अतुल अग्रवाल ने भगवान कल्कि का प्रभावशाली रूप प्रस्तुत किया। बच्चों ने नृत्य और गीतों से समां बांधा, जबकि मृदुल भाटिया की गायन प्रस्तुति ने कार्यक्रम को संगीतमय बना दिया। समारोह में एआरबी बियरिंग्स के प्रायोजन से ग्रैंड गोल्ड, सिल्वर और डायमंड तंबोला आयोजित किया गया। तनिष्क ज्वेलर्स नई मंडी के अभिषेक तायल की ओर से लकी ड्रॉ सहित विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए गए। आयोजन को सफल बनाने में सेक्रेटरी राहुल मित्तल, सुधीर अग्रवाल, राज शाह, दीपक सिंघल, अनमोल अग्रवाल, अमन गुप्ता और समर्थ जैन सहित कोर टीम का योगदान रहा। डिविजनल चेयरमैन पवन कुमार गोयल ने सभी सदस्यों और उनके परिवारों का आभार जताते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं। समारोह ने औद्योगिक परिवारों के बीच आपसी प्रेम, सहयोग और संगठनात्मक एकता का संदेश दिया।















