अमेरिका में RSS यानी राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत की रैली को लेकर विवाद जारी है। अब अमेरिकी सिंगर मैरी मिलबेन ने न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी पर निशाना साधा है।उन्होंने कहा है कि ममदानी भारतीय जनता पार्टी और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में ऐसा कर रहे हैं। भागवत मैडिसन स्क्वायर गार्डन में कार्यक्रम को संबोधित करने वाले हैं।
अमेरिकी सिंगर और अभिनेत्री मैरी मिलबेन ने न्यूयॉर्क मेयर को सनकी करार दिया है। उन्होंने लिखा, ‘ममदानी और ये सभी समाजवादी सनकी लोग मैडिसन स्क्वायर गार्डन (MSG) में होने वाले मोहन भागवत के कार्यक्रम का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP के विरोधी हैं। यह बात बिल्कुल साफ है।’
कार्यक्रम होने का दावा
उन्होंने कहा, ‘ये सनकी लोग समाजवाद की विचारधारा को मानते हैं, इसलिए वे पूंजीवाद को नहीं समझते। MSG समाजवादियों की बकवास की परवाह नहीं करता। वह पूंजीवाद के हिसाब से काम करता है और इसीलिए यह कार्यक्रम होगा।’ उन्होंने लिखा, ‘ममदानी और उनके समाजवादी साथियों को मेरी सलाह है कि वे पूंजीपति बनें, पैसे जुटाएं, MSG किराए पर लें और मोदी-विरोधी अपनी बेवकूफी भरी बातों के लिए खुद अपनी रैली आयोजित करें।
जोहरान ममदानी ने जताई थी आपत्ति
ममदानी ने मंगलवार को कहा कि वह उस कार्यक्रम का समर्थन नहीं करते, जिसमें भागवत भारतीय प्रवासी समुदाय के लोगों को संबोधित करेंगे। ममदानी ने हालांकि कहा कि 29 अगस्त को होने वाले इस ‘निजी’ कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार नगर प्रशासन के पास शायद नहीं है। ममदानी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘मैं इस रैली का समर्थन नहीं करता लेकिन मुझे नहीं पता कि किसी निजी कार्यक्रम को रद्द करने का अधिकार नगर प्रशासन के पास है या नहीं।’पीटीआई भाषा के अनुसार, उन्होंने कहा कि भारत के बारे में जो सोच उन्हें अपने परिवार से मिली और जिसे समझते हुए वह बड़े हुए, वह ‘एक बहुलतावादी समाज और ऐसे धर्मनिरपेक्ष गणराज्य की है, जहां भारत के हर व्यक्ति को बराबरी से अपनाया जाता है।ममदानी ने कहा, ‘और किसी भी देश को लेकर ऐसी सोच वाले आंदोलन का उभार देखना बेहद परेशान करने वाला है, जो कुछ लोगों को अलग रखता है। मैं इसका पुरजोर विरोध करता हूं, न केवल एक भारतीय-अमेरिकी के रूप में बल्कि ऐसे शहर के मेयर के तौर पर भी, जो हर व्यक्ति को अपनाने में गहरा विश्वास रखता है, फिर चाहे उसका रंग, नस्ल, धर्म, आस्था या मूल स्थान कुछ भी हो।’
मोहन भागवत का कार्यक्रम
भागवत आरएसएस के शताब्दी वर्ष के वैश्विक संपर्क कार्यक्रम के तहत मंगलवार को अमेरिका पहुंचे। न्यूयॉर्क प्रवास के दौरान वह यूनिवर्सल वननेस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और शनिवार को प्रतिष्ठित मैडिसन स्क्वायर गार्डन में करीब 5,000 लोगों की सभा को संबोधित करेंगे। ममदानी ने कहा, ‘मैं हमारे शहर के इतिहास में पहला भारतीय-अमेरिकी मेयर भी हूं और मेरी मां का पूरा परिवार अब भी भारत में रहता है।’























































