अब्दुल ने जिस मिशिगन में जीतकर बनाया रिकॉर्ड, वहीं भारतीय मूल के रंजीव ने भी रचा इतिहास

अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों का राजनीतिक दबदबा लगातार बढ़ रहा है. अब इस कड़ी में एक और बड़ा नाम जुड़ गया है. भारतीय मूल के अमेरिकी नेता रंजीव पुरी ने मिशिगन की राजनीति में इतिहास रच दिया है. डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता रंजीव पुरी को मिशिगन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का स्पीकर चुना गया है.इसके साथ ही वो इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं. खास बात ये है कि जिस मिशिगन में अब्दुल ने अपनी जीत से रिकॉर्ड बनाया था, उसी राज्य में रंजीव पुरी ने भी एक नई उपलब्धि हासिल की है.पंजाबी प्रवासी परिवार में जन्मे रंजीव की ये सफलता न केवल भारतीय समुदाय, बल्कि अमेरिका में रह रहे दक्षिण एशियाई लोगों के लिए भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है.

पद पर पहले भारतीय-अमेरिकी नेता

42 वर्षीय रंजीव पुरी को गुरुवार को मिशिगन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का स्पीकर चुना गया. इसके साथ ही वो इस पद पर पहुंचने वाले पहले भारतीय-अमेरिकी नेता बन गए हैं. अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए रंजीव ने फेसबुक पोस्ट में कहा कि वो अपने सहयोगियों की ओर से मिले भरोसे और समर्थन के लिए आभारी हैं.

पोस्ट में उन्होंने लिखा, वो मिशिगन के लोगों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए राज्य के नए नेतृत्व के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं. उन्होंने सीनेट के नए मेजॉरिटी लीडर डैरिन कैमिलेरी और नवनिर्वाचित गवर्नर जोसलिन बेन्सन के साथ काम करने की भी बात कही. रंजीव पुरी का परिवार पंजाब से अमेरिका जाकर बसा था. उनके माता-पिता बेहतर भविष्य की तलाश में अमेरिका आए थे.

2020 में भी बनाया था रिकॉर्ड

रंजीव ने अपनी सफलता पर कहा कि जब उनके माता-पिता अमेरिका आए थे, तब उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होगी कि उनका बेटा एक दिन मिशिगन हाउस का नेतृत्व करेगा. रंजीव ने साल 2020 में मिशिगन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स का चुनाव जीतकर एक और रिकॉर्ड बनाया था. वह इस सदन के लिए चुने जाने वाले पहले सिख-अमेरिकी बने थे. इसके बाद 2025 में उन्हें सदन में डेमोक्रेटिक पार्टी का नेता नियुक्त किया गया था.

चुनाव अभियान से शुरू किया था काम

रंजीव पुरी का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है. उन्होंने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के 2008 और 2012 के चुनाव अभियानों में काम किया था. इसके बाद उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो के बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए की डिग्री हासिल की. पढ़ाई पूरी करने के बाद वह मिशिगन लौटे और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री में काम किया. धीरे-धीरे उन्होंने राज्य की राजनीति में अपनी पहचान बनाई. फिलहाल वो मिशिगन हाउस में अपने तीसरे कार्यकाल में हैं.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts