महिला पुलिस ने दिखाई बहादुरी, मुठभेड़ में दो शातिर लुटेरे दबोचे

मुजफ्फरनगर। मिशन शक्ति अभियान के तहत उत्तर प्रदेश की महिला पुलिस अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है। गाजियाबाद और बागपत के बाद अब मुजफ्फरनगर जिले में भी महिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर लुटेरों को मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार चरथावल थाना पुलिस और महिला पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इलाके में सक्रिय अपराधी मूवमेंट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एसओजी और महिला पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाश लाखन उर्फ लक्खा और अंकुर गोली लगने से घायल हो गए। घायल बदमाशों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस ने मौके से दो तमंचे, कारतूस और लूटी हुई बाइक बरामद की। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि चरथावल थाना क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व दो महिलाओं के साथ हुई लूट की घटना इन्हीं दोनों बदमाशों ने अंजाम दी थी। दोनों पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई जिलों में लूट, डकैती और चोरी जैसे गंभीर अपराधों के एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक इनकी गिरफ्तारी से इलाके में राहत की सांस ली गई है, क्योंकि इनके खौफ से लोग काफी परेशान थे।

यह मामला मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला पुलिस की बढ़ती सक्रियता और साहस का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। गाजियाबाद में महिला पुलिस टीम ने हाल ही में एक बदमाश के पैर में गोली मारकर उसे पकड़ा था, वहीं बागपत में भी ऐसी ही कार्रवाई की गई थी। एसएसपी अभिषेक सिंह ने महिला पुलिस की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ ऐसी सख्ती लगातार जारी रहेगी। महिला पुलिस की यह पहल न केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है, बल्कि अपराधियों के बीच खौफ भी पैदा कर रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts