मसूरी। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध हो रही हैं। मसूरी देहरादून मुख्य सड़क मार्ग पर पुश्ते धंसने और मलबा गिरने की घटना रुकने का नाम नहीं ले रहा है।शुक्रवार सुबह मैगी प्वाइंट और पानेवाले बंद के समीप सड़क का पुराना पुश्ता भरभरा कर गिर गया, जिससे सड़क सिंगल लेन रह गई है।लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता प्रदीप शाही ने बताया कि पुश्ता धंसने और सड़क सिंगल लेन रहने से बड़े और भारी वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। छोटे वाहनों की आवाजाही जारी है।कैम्पटी रोड पर एक मकान में गुरुवार को दरारें पड़ी थीं। वह अभी पूरी तरह भरभरा कर ध्वस्त हो गया।
मसूरी-चकराता एनएच भी बंद
वहीं गुरुवार तड़के मसूरी-चकराता एनएच 707ए, मसूरी बैंड से लगभग तीन किमी पहले कर्नल विला और डिम्टा बैंड के बीच सड़क पूरी तरह से दरक गई, जिससे यातायात बाधित हो गया।मसूरी आने वाले वाहनों को विकासनगर देहरादून और अगलाड़ थत्यूड़ मार्ग से डायवर्ट किया गया। एनएच ने दो जेसीबी लगाकर सड़क को छोटे वाहनों के लिए चालू किया और दोपहर एक बजे यातायात फिर से शुरू हो गया। हालांकि, यहां मिट्टी की पकड़ कमजोर है, जिससे फिर से क्षति की आशंका है।























































