मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र के ग्राम भमेला स्थित कंपोजिट विद्यालय के रसोईघर से राशन, गैस सिलेंडर, चूल्हा समेत अन्य सामान चोरी होने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। घटना के संबंध में तहरीर मिलने पर थाना तितावी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वारदात के महज चार घंटे के भीतर दो चोर आरोपियों को ग्राम जसोई-भमेला मार्ग पर संजय की कूलर फैक्ट्री के पास स्थित ट्यूबवेल से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए चार कट्टे राशन, जिनमें गेहूं और चावल शामिल हैं, दो गैस सिलेंडर, दो गैस चूल्हे और एक रेगुलेटर बरामद किया गया। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीम की तत्परता से विद्यालय के रसोईघर में हुई चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर दिया गया।























































