राजगढ़ (अलवर)।
लायन्स क्लब राजगढ़ की नवीन कार्यकारिणी वर्ष 2025-26 का 34वां शपथग्रहण एवं पदस्थापना समारोह राजगढ़ कस्बे के टहला बाईपास स्थित एक निजी रिसोर्ट में बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में एमजेएफ प्रांतपाल लायन सुधीर वाजपेयी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह के दौरान क्लब की नई कार्यकारिणी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, सचिव भूपेंद्र शर्मा तथा कोषाध्यक्ष रामनिवास मीना सहित समस्त सदस्यों को पदस्थापना एवं शपथ ग्रहण अधिकारी एमजेएफ पूर्व प्रांतपाल लायन डॉ. देवेंद्र मदान द्वारा विधिवत शपथ दिलाई गई और उन्हें उनके पदों का कार्यभार सौंपा गया।
समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित पीएमजेएफ लायन सुमेर जैन ने क्लब द्वारा समाज हित में किए गए सेवा कार्यों की सराहना की और अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों को दूसरी बार पदग्रहण करने पर बधाई दी। उन्होंने क्लब को समाज सेवा के कार्यों में नई ऊर्जा और जोश के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अति विशिष्ट अतिथि एमजेएफ लायन ऋषि फतेपुरिया तथा विशिष्ट अतिथि लायन गायत्री सेठी ने भी अपने विचार साझा किए और लायन्स क्लब के कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने अपने संबोधन में आने वाले वर्ष में किए जाने वाले सेवा प्रकल्पों की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा जताई। वहीं सचिव भूपेंद्र शर्मा ने गत वर्ष कार्यकारिणी द्वारा किए गए समाजसेवी कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हुए सभी सदस्यों की सहभागिता के लिए आभार प्रकट किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता द्वारा क्लब सदस्यों को स्मृति चिन्ह एवं लॉयन पिन देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद पत्रकारों को भी क्लब के कार्यों को समाज तक पहुंचाने में दिए गए सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन एनएल वर्मा ने प्रभावी रूप से किया। समारोह में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी व क्लब सदस्य मौजूद रहे, जिससे आयोजन अत्यंत सफल और प्रेरणादायक रहा















