पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप का औचक निरीक्षण: सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए कड़े निर्देश, कूड़ा पृथक्करण अभियान को दी नई गति

मुजफ्फरनगर। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने के उद्देश्य से कई क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर सफाई, घर-घर कूड़ा संग्रहण और कूड़े के पृथक्करण अभियान की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने न केवल विभिन्न स्थलों का दौरा किया, बल्कि मौके पर मौजूद रहकर सफाई कार्य की निगरानी भी की। निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए जल्द से जल्द सुधार के सख्त निर्देश दिए।

पालिका अध्यक्ष ने सबसे पहले रजवाहा रोड स्थित मंडी श्मशान घाट गेट के सामने बने डलावघर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पाया कि डलावघर का भू-तल कच्चा है, जो बरसात के समय गंदगी और जलभराव की समस्या को और बढ़ा सकता है। उन्होंने तत्काल कूड़ा निस्तारण कार्य संभाल रही कंपनी जेएस एनवायरो की टीम को बुलाया और पक्का फाउंडेशन प्लेटफॉर्म बनाने के निर्देश दिए। मौके पर खड़े रहकर उन्होंने सफाई कर्मियों से आसपास के क्षेत्र, सड़क और साइड पटरी की सफाई कराई तथा निर्देश दिए कि इस मार्ग की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।

इसके बाद पालिकाध्यक्ष ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन और स्रोत पर कूड़े के पृथक्करण अभियान की हकीकत जानने के लिए जागरूकता टीमों से वीडियो कॉल पर बात की। उन्होंने उनकी लोकेशन, कार्य की गति और कवरेज की जांच करते हुए अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग कूड़ा पृथक्करण के प्रति जागरूक हों और शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग कर सकें। भोपा रोड स्थित जेएस एनवायरो कंपनी की दोनों पार्किंगों में पहुंचकर उन्होंने गारबेज टिपर वाहनों की स्थिति देखी, जहां चार वाहन खराब अवस्था में खड़े मिले। इस पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कंपनी के प्रोजेक्ट हेड नितेश चौधरी को तुरंत सभी वाहनों को ठीक कराकर वार्डों में भेजने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना नगरपालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इस जिम्मेदारी में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मीनाक्षी स्वरूप नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित बेसिक शिक्षा परिषद की प्राइमरी पाठशाला भी पहुंचीं। उन्होंने पूर्व में दिए गए सफाई और मरम्मत संबंधी निर्देशों की प्रगति की समीक्षा की। विद्यालय परिसर में जर्जरता और आवश्यक निर्माण कार्य की जरूरत देखते हुए उन्होंने तत्काल बीएसए से फोन पर बात कर सुधार कार्य शुरू कराने को कहा। साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि विद्यालय के कायाकल्प के लिए नगरपालिका परिषद पूर्ण सहयोग करेगी, जिससे बच्चों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सके।

निरीक्षण के अंत में पालिकाध्यक्ष ने कहा कि स्वच्छता केवल नगरपालिका का दायित्व नहीं, बल्कि हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। शहर तभी स्वच्छ और स्वस्थ बनेगा, जब लोग स्रोत पर ही कूड़ा पृथक करें और सफाई कर्मियों का सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित मुजफ्फरनगर बनाना उनका प्राथमिक लक्ष्य है। इसके लिए न कोई समझौता होगा और न ही किसी प्रकार की लापरवाही सहन की जाएगी। निरीक्षण के दौरान व्यापारी नेता शलभ गुप्ता एडवोकेट, पूर्व सभासद प्रियांशु जैन, एसएफआई प्लाक्षा मैनवाल, नितेश चौधरी एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts