मुजफ्फरनगर में 06 व 07 सितंबर को होने वाली UP PET परीक्षा को शांतिपूर्ण, नकल विहीन और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन व पुलिस-प्रशासन पूरी तरह तैयार है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने एसडी इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज व जैन कन्या पाठशाला स्नातकोत्तर महाविद्यालय समेत कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, जैमर, बायोमैट्रिक स्कैनर, शौचालय व पेयजल जैसी व्यवस्थाओं की जांच की।
अभ्यर्थियों की एंट्री केवल सख्त चेकिंग और एडमिट कार्ड सत्यापन के बाद ही होगी। किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस को परीक्षा केंद्र में ले जाने पर रोक है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और जैमर लगाए गए हैं। ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को साफ निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों की हर संभव मदद की जाए और परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न कराया जाए।















