आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खेमे से एक बेहद भावुक और प्यारी तस्वीर सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस फोटो में टीम के नए सदस्य सरफराज खान के बेटे दिग्गज एमएस धोनी के साथ खेलते हुए नजर आ रहे हैं।चेपॉक के मैदान पर ट्रेनिंग सेशन के दौरान क्लिक की गई यह तस्वीर फैंस का दिल जीत रही है जहां थाला नन्हे बालक के साथ मस्ती भरे अंदाज में दिखाई दे रहे हैं।
धोनी की गोदी में सरफराज का बेटा
अक्सर मैदान पर विरोधी टीम के छक्के छुड़ाने वाले धोनी खुद को सरफराज खान के नन्हे बेटे के साथ खेलने से नहीं रोक पाए। सरफराज ने अपने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है जहां कैप्टन कूल पूरी तरह से बच्चे के साथ मस्ती में डूबे नजर आ रहे हैं। फैंस के लिए यह नजारा किसी ट्रीट से कम नहीं था। एमएस धोनी को पहले भी अक्सर सीएसके के खिलाड़ियों के बच्चों के साथ मस्ती भरे अंदाज में देखा गया है।
सीएसके के लिए खेलेंगे सरफराज
सरफराज खान के लिए यह सीजन किसी पुनर्जन्म से कम नहीं है। लंबे समय तक आईपीएल से दूर रहने और पिछले दो ऑक्शन में अनसोल्ड रहने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2026 के ऑक्शन में उन पर भरोसा जताते हुए 75 लाख रुपये में खरीदा है। सरफराज अब नेट्स में जमकर पसीना बहा रहे हैं ताकि अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को छठा खिताब दिलाने में मदद कर सकें।
क्या प्लेइंग 11 में मिलेगी जगह?
ट्रेनिंग कैंप में सरफराज खान की मेहनत साफ देखी जा सकती है। वह स्पिनर्स और तेज गेंदबाजों के खिलाफ जमकर अभ्यास कर रहे हैं। हाल ही में घरेलू क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में सरफराज मिडिल ऑर्डर में एक एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं।















