सहारनपुर। सेंट मैरीज़ स्कूल के छात्र अलमाज़ नदीम को उनके उत्कृष्ट आचरण, अनुशासन और नैतिक मूल्यों के लिए “बेस्ट बिहेवियर अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान परख फाउंडेशन द्वारा आयोजित एक समारोह में फाउंडेशन की डायरेक्टर अनु बजाज ने प्रदान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।समारोह को संबोधित करते हुए अनु बजाज ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल शैक्षणिक उपलब्धियों से नहीं, बल्कि उनके व्यवहार, अनुशासन और संस्कारों से भी तय होती है। उन्होंने कहा कि अच्छे संस्कार बच्चों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं और समाज में उनकी अलग पहचान बनाते हैं। उन्होंने अलमाज़ नदीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका अनुशासित और सकारात्मक व्यवहार अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का विषय है।
इस अवसर पर अमजद अली, मुस्तकीम और इज़हार मंसूरी ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों में नैतिक मूल्यों, जिम्मेदारी और सामाजिक व्यवहार का विकास भी उतना ही आवश्यक है। ऐसे सम्मान विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ अन्य छात्रों को भी बेहतर आचरण अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम में अलमाज़ नदीम के पिता मुजाहिद नदीम ने परख फाउंडेशन, सेंट मैरीज़ स्कूल और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में परिवार और विद्यालय दोनों की समान भूमिका होती है। यदि घर और स्कूल से सही मार्गदर्शन मिले तो बच्चे जीवन में हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।समारोह में हाफिज़ मुदस्सिर, गय्यूर आलम, नूरुल्लाह, दानिश, रूबी, सुभान, सबा खान, कुलसुम, शीबा शादान, ज़ायरा, ज़ैना सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने अलमाज़ नदीम को सम्मान मिलने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।























































