बांदा में मंत्री नंद गोपाल नंदी की समीक्षा बैठक, सपा पर साधा निशाना

बांदा। योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल नंदी रविवार को बांदा पहुंचे, जहां उन्होंने सर्किट हाउस में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसके बाद उन्होंने जनपद के अधिकारियों के साथ विकासशील योजनाओं की समीक्षा बैठक की, जो कई घंटों तक चली। मंत्री नंद गोपाल नंदी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि योगी आदित्यनाथ सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए त्वरित समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। साथ ही उन्होंने युवा उद्यमी योजना के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के निर्देश दिए।

पत्रकारों से बातचीत में नंदी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के डीएनए में मुस्लिम तुष्टिकरण शामिल है और यह पार्टी मुगल मानसिकता के सिद्धांतों पर चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा हमेशा गुंडों को संरक्षण देने वाली पार्टी रही है और “आई लव मोहम्मद” जैसे मुद्दे उसी की देन हैं। मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेश में सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश कर रही है, जबकि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास की नीति पर काम कर रही है। नंदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महंगाई पर नियंत्रण हुआ है और रोजमर्रा की वस्तुओं को सस्ता करने के लिए जीएसटी में कमी की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के विकास और सुरक्षा के लिए निरंतर काम कर रही है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts