काली नदी पूर्वी (नागिन नदी) के जीर्णोद्धार को लेकर विकास भवन में समीक्षा बैठक,

मुजफ्फरनगर में काली नदी पूर्वी (नागिन नदी) के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण को लेकर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद स्तर पर नदी के पुनरोद्धार के लिए आवश्यक कदमों पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि काली नदी पूर्वी क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसके संरक्षण के लिए समन्वित प्रयास जरूरी हैं।

बैठक के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी को अंतवाड़ा, पलड़ी, रसूलपुर कैलौरा, खोकनी, वाजिदपुर खुर्द, गालिबपुर, जसौड़ा जाटन, जसौला, सिकंदरपुर खुर्द तथा कढ़ली ग्राम पंचायतों में नदी से जुड़े जल निकासी चैनलों और नालों की सफाई के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट किया गया कि नदी में गंदे पानी के प्रवाह को रोकना प्राथमिकता में शामिल है और इसके लिए ग्राम पंचायत स्तर पर ठोस कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग को निर्देशित किया गया कि संबंधित ग्रामों में जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाए, ताकि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के प्रयोग से होने वाले जल प्रदूषण को कम किया जा सके। वहीं प्रदूषण नियंत्रण विभाग को नदी में गिरने वाले नालों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि अवैध डिस्चार्ज या प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

बैठक में सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक अभिनव राज ने जानकारी दी कि आगामी महीनों में नदी तटों पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। इससे नदी के किनारों का कटाव रोका जा सकेगा और पर्यावरण संतुलन को भी मजबूती मिलेगी। बैठक में नगर पालिका के ईओ, डॉ प्रज्ञा सिंह (प्रदूषण नियंत्रण विभाग), कृषि विभाग, मनरेगा, जल निगम (ग्रामीण एवं नगरीय) सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए काली नदी पूर्वी के संरक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts