मुजफ्फरनगर में पड़ रही भीषण गर्मी और लगातार जारी हीट वेव को देखते हुए ट्रैफिक विभाग ने एहतियाती कदम उठाए हैं। एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे ने जिले के सभी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई है। इनमें ठंडे पानी की बोतलें, छाते, मास्क और चश्मे शामिल हैं, जिससे चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों की सेहत का ध्यान रखा जा सके और वे ड्यूटी पर बेहतर तरीके से काम कर सकें।कुछ प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मियों के आराम के लिए कुर्सियों की भी व्यवस्था की गई है, जबकि बाकी स्थानों पर जल्द ही यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। गर्मी में लगातार ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों के लिए यह एक राहत भरा कदम माना जा रहा है।एसपी ट्रैफिक ने जानकारी दी कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अनाधिकृत वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। शहर को सुगम यातायात प्रदान करने के उद्देश्य से नो ई-रिक्शा ज़ोन भी निर्धारित किए गए हैं।उन्होंने बताया कि ऐसे चौराहों पर, जहां ट्रैफिक पुलिस की संख्या अधिक होती है, वहां पुलिसकर्मी अपनी सुविधा के अनुसार विश्राम कर सकते हैं। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि प्रत्येक चौराहे पर जल्द ही आवश्यक सुविधाएं पूरी तरह से उपलब्ध हों।















