मुजफ्फरनगर के ब्लॉक चरथावल में राज्य महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य सपना कश्यप के आगमन पर प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। पुलिस उपाधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, खण्ड शिक्षा अधिकारी, डिप्टी जेलर, महिला थाना प्रभारी एवं महिला कल्याण विभाग के अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया।ब्लॉक चरथावल के सभागार में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कुल 20 प्रार्थना पत्र और शिकायती पत्र प्राप्त हुए। इनमें घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा और अन्य महिला कल्याण से जुड़े प्रकरण शामिल थे। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र न्याय और राहत मिल सके।जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।
डॉ राजीव कुमार, पूजा नरूला, संतोष शर्मा एवं एडीओ समाज कल्याण ने अपने–अपने विभागों से संबंधित योजनाओं, सुविधाओं और लाभों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ राजीव कुमार द्वारा किया गया।इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ शैलेश जैन, पुलिस उपाधीक्षक ऋषिका सिंह, खण्ड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ सतेंद्र कुमार, खण्ड शिक्षा अधिकारी अमरवीर, बाल विकास परियोजना अधिकारी संतोष शर्मा, महिला थाना प्रभारी संगीता चौधरी, चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया, उप निरीक्षक डोली, वन स्टॉप सेंटर से पूजा नरूला, संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, समाज कल्याण विभाग, श्रम विभाग प्रतिनिधि, आयुष्मान मित्र सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ राजीव कुमार ने उपस्थित सभी लोगों को बाल विवाह मुक्त मुजफ्फरनगर के संकल्प की शपथ भी दिलाई। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें और सामाजिक रूप से सशक्त हों।जनसुनवाई के उपरांत राज्य महिला आयोग की सदस्य ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरथावल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों और स्टाफ को आवश्यक दिशा–निर्देश दिए तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार पर जोर दिया। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन कार्यालय से सचिन कुमार, नाथी राम एवं सामाजिक कार्यकर्ता रेणु रानी ने भी सहभागिता की।















