मेरठ में चार माह तक बाथरूम में नल के नीचे पड़ा रहा प्रियंका का शव,

मेरठ। बेटी का शव घर में छोड़कर हरिद्वार जानेवाले उदयभान से रातभर पूछताछ के बाद भी पुलिस इस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई कि 33 वर्षीय प्रियंका बीमारी से मरी या उसकी हत्या की गई है।उसका शव चार माह तक बाथरूम में नल के नीचे पड़ा था। पिता उदयभान बार-बार बयान बदल रहा है। पुलिस मान रही है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।

पुलिस को उदयभान के मोबाइल से प्रियंका के कुछ वीडियो मिले हैं। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिवार के लोगों की सिपुर्दगी में देकर अंतिम संस्कार करा दिया। बेटी की अंत्येष्टि में उदयभान को भी शामिल किया गया, रविवार सुबह उसे फिर से हिरासत में लिया जाएगा।

76 वर्षीय उदयभान विश्वास यूपी बोर्ड में प्रशासनिक अधिकारी पद से सेवानिवृत्त है। 2013 में उसकी पत्नी शर्मिष्ठा ने आत्महत्या कर ली थी। उदयभान इकलौती बेटी प्रियंका के साथ रहता था। शर्मिष्ठा की मौत के बाद से उदयभान और प्रियंका मानसिक तनाव में आ गए थे। उदयभान बेटी पर कड़ी निगरानी रखता था। परिवार के लोगों से बातचीत भी नहीं करने देता था। प्रियंका काफी दिनों से बीमार चल रही थी। उसका पहले दो डाक्टरों से उपचार कराया गया।

इसके बाद महताब सिनेमा के पास रहने वाले तांत्रिक शकील अहमद ने झाड़-फूंक शुरू की थी। उदयभान उसके घर पर ही प्रियंका को ले जाया करता था। पुलिस ने उदयभान के साथ शकील अहमद को भी हिरासत में लेकर कई घंटे तक पूछताछ की, लेकिन मौत से पर्दा नहीं उठ पाया। शुक्रवार को शव डीकंपोज हालत में मिला था। ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की सही वजह पता चल पाएगी।

उदयभान से पूछताछ में सामने आया कि 30 नवंबर को प्रियंका की मौत हो गई थी। पांच दिसंबर को घर के अंदर बाथरूम में नल चलाकर उसके नीचे शव रखकर उदयभान हरिद्वार चला गया था। शुक्रवार को वहां से लौटने के बाद ही पुलिस ने शव बरामद किया।

सीओ नवीना शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मोबाइल काल डिटेल के साथ उदयभान और शकील अहमद से पूछताछ में मिले तथ्यों का मिलान किया जाएगा।

प्रियंका को अकेले नहीं जाने देता था बाहर

परिवार के लोगों का कहना है कि प्रियंका घर के अंदर ही रहती थी। उदयभान उसे अकेले बाहर नहीं निकलने देता था। घर में कूड़े-कचरे का ढेर पड़ा हुआ है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रियंका के बीमार होने के बाद उदयभान ने घर की सफाई तक नहीं की। बाहर से लाए गए सामान के रैपर तक घर के अंदर पड़े हुए थे। इससे उदयभान की मनोदशा के बारे में भी अंदाजा लगाया जा रहा है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts