राजगढ़ (अलवर)। कस्बे के बांदीकुई सड़क मार्ग स्थित गंगा बाग में 27 जून से लगने वाले भगवान जगन्नाथ मेले की तैयारियाँ जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। मेले समिति के अध्यक्ष एडवोकेट महेंद्र तिवारी एवं अन्य पदाधिकारियों के प्रयासों से गुरुवार को मेला स्थल को संवारने का कार्य प्रारंभ किया गया।मेले की भव्यता और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से स्थल पर मौजूद गड्ढों को भरा जा रहा है और भूमि को समतल किया जा रहा है। इस कार्य से मेले में लगने वाले झूले, दुकानें और अन्य मनोरंजन साधनों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।
स्थानीय दुकानदारों और मेले में शामिल होने वाले लोगों ने मेला समिति की सक्रियता और समर्पण की सराहना की है। विशेष रूप से अध्यक्ष महेंद्र तिवारी की भूमिका को मुक्त कंठ से सराहा गया, जिनके नेतृत्व में मेला व्यवस्थापन कार्य समय पर और व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ रहा है।भगवान जगन्नाथ के इस वार्षिक मेले को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है, और लोग इसकी भव्यता को लेकर उत्सुक हैं। तैयारियों के चलते स्थानीय निवासियों को भी रोजगार और व्यापार के अवसर मिलने की उम्मीद है।















