एअर इंडिया के लंदन जाने वाले विमान की क्रैश के मामले में बड़ी सफलता मिली है। विमान के मलबे से उसका ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। ब्लैक बॉक्स के मिलने से दुर्घटना के आखिरी पलों का सच सामने आने की उम्मीद बढ़ गई है।एविएशन विशेषज्ञों के मुताबिक, ब्लैक बॉक्स में फ्लाइट डेटा रिकॉर्डर (FDR) और कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (CVR) होता है, जो पायलटों की बातचीत, अलार्म, टेक्निकल डेटा और उड़ान के हर सेकंड की जानकारी रिकॉर्ड करता है।
अब इस रिकॉर्डर की जांच से यह साफ हो सकेगा कि विमान में तकनीकी खराबी थी या किसी मानवीय चूक के चलते यह भयावह हादसा हुआ। एयर इंडिया और विमानन नियामक डीजीसीए की टीमें इस डेटा का विश्लेषण कर रही हैं।बता दें कि यह विमान अहमदाबाद से उड़ान भरने के कुछ मिनटों बाद ही क्रैश हो गया था, जिसमें 242 यात्री सवार थे। हादसे के कारणों को लेकर अब तक कई कयास लगाए जा रहे थे, लेकिन ब्लैक बॉक्स की बरामदगी से अब जांच को ठोस दिशा मिलेगी।















