मुजफ्फरनगर में कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ई-लॉटरी से किसानों का ऑनलाइन चयन

मुजफ्फरनगर जनपद में कृषि यंत्रों पर अनुदान पाने के लिए किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से ऑनलाइन किया गया। यह प्रक्रिया कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश, कृषि भवन लखनऊ से प्राप्त निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। चयन प्रक्रिया की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने की। ई-लॉटरी का आयोजन विकास भवन सभागार में किया गया, जिसमें वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न कृषि यंत्र योजनाओं के लिए ऑनलाइन बुकिंग करने वाले किसानों का चयन किया गया।

ई-लॉटरी के तहत जिन कृषि यंत्रों पर अनुदान दिया जा रहा है, उनमें सुपर सीवर, कस्टम हायरिंग सेंटर, एमबी प्लाउ, सीड ड्रिल, रीपर कम बाइंडर, ऑयल मिल विद फिल्टर प्रेस सहित अन्य आधुनिक कृषि यंत्र शामिल हैं। इन यंत्रों के माध्यम से किसानों को खेती में लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने में सहायता मिलेगी। ई-लॉटरी प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखा गया, जिससे सभी पात्र किसानों को समान अवसर मिल सके।

जनपद में कृषि यंत्रों के अनुदान हेतु किसानों का ऑनलाइन चयन पूरा होते ही चयनित और प्रतीक्षारत किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर स्वतः एसएमएस भेज दिया गया है। इस संदेश में चयन की स्थिति के साथ-साथ आगे की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई है। चयनित किसानों को निर्धारित अवधि के भीतर https://agridarshan.up.gov.in पोर्टल पर संबंधित बिल अपलोड करना अनिवार्य होगा। यदि किसी कारणवश चयनित किसान निर्धारित समय सीमा तक बिल अपलोड नहीं कर पाते हैं, तो उस स्थिति में प्रतीक्षारत किसान का स्वतः चयन कर लिया जाएगा।

मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे समयसीमा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या होने पर उप कृषि निदेशक, मुजफ्फरनगर कार्यालय से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए पूरी तरह सहयोग करेगा।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला गन्ना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी के प्रतिनिधि, अग्रणी जिला बैंक प्रबंधक, पीएनबी के प्रतिनिधि सहित जनपद के अनेक सम्मानित किसानों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने किसानों को योजनाओं से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी और ई-लॉटरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर भरोसा जताया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts