मुजफ्फरनगर में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मेरठ रोड स्थित विकास भवन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर गैस वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरी उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी कमलकिशोर, देशभूषण कंडारकर तथा सिटी मजिस्ट्रेट पंकज सिंह राठौर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने जनपद में गैस सिलेंडर की आपूर्ति में हो रही देरी, वितरण व्यवस्था में अनियमितता और उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गैस वितरण प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध बनाया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस जैसी आवश्यक सेवा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री ने गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर नियमित निगरानी रखने, उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने तथा वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना एजेंसियों की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण करने वाले जमाखोरों और ब्लैक मार्केटिंग में शामिल लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने मंत्री को आश्वस्त किया कि प्रशासन गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है और जहां भी शिकायतें मिल रही हैं, वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरी उपाध्याय ने बताया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी गैस एजेंसी द्वारा वितरण में लापरवाही बरती जाती है या उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि गैस आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे, जिससे जनपद के उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके और लोगों को राहत मिल सके। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आम जनता की सुविधा सर्वोपरि है और प्रशासन को यह सुनिश्चित करना होगा कि किसी भी नागरिक को आवश्यक सेवाओं के लिए परेशान न होना पड़े।















