कांवड़ यात्रा में ओवरसाइज्ड डीजे पर सख्ती, मुजफ्फरनगर पुलिस ने जारी किए नोटिस

मुजफ्फरनगर में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2025 आगामी 11 जुलाई से आरंभ हो रही है। यह यात्रा धार्मिक आस्था और समर्पण का प्रतीक मानी जाती है, जिसमें हरिद्वार से गंगाजल लेकर लाखों श्रद्धालु मुजफ्फरनगर जिले से गुजरते हुए विभिन्न स्थानों पर जलाभिषेक के लिए जाते हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की सहभागिता देखी जाएगी, जो यात्रा का उत्साह बढ़ाने में भूमिका निभाते हैं। लेकिन विगत वर्षों के अनुभवों के आधार पर देखा गया है कि कुछ डीजे संचालक निर्धारित मानकों की अनदेखी करते हुए ओवरसाइज्ड डीजे का प्रयोग करते हैं, जिससे न केवल यातायात प्रभावित होता है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।इस गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए मुजफ्फरनगर पुलिस ने इस बार पहले से ही सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत ने जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे सभी डीजे संचालकों को, चाहे वे जिले के हों या आसपास के जनपदों से आते हों, नोटिस जारी किए गए हैं। इन नोटिसों के माध्यम से उन्हें स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया है कि किसी भी स्थिति में मानक से अधिक ऊंचाई या चौड़ाई वाले डीजे को कांवड़ यात्रा में अनुमति नहीं दी जाएगी। यह फैसला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा की शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।प्रशासन ने यह भी निर्देशित किया है कि डीजे की ऊंचाई व चौड़ाई सरकार द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप ही होनी चाहिए। यदि कोई डीजे संचालक इन नियमों की अवहेलना करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। पुलिस ने जनता और सभी डीजे संचालकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि धार्मिक यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित बनाने में सभी अपनी भूमिका निभाएं।पुलिस अधीक्षक नगर का स्पष्ट संदेश है कि कांवड़ यात्रा में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। ओवरसाइज्ड डीजे जहां ट्रैफिक को बाधित करते हैं, वहीं अनियंत्रित आवाज और अनावश्यक भीड़ से अप्रिय घटनाएं भी हो सकती हैं। इसलिए सभी से अनुरोध है कि नियमों का पालन करें और इस पुण्य यात्रा को सौहार्द और अनुशासन के साथ सफल बनाएं।

 

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts