मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-5 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश शासन द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, मुजफ्फरनगर में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में उन बालिकाओं का सम्मान किया गया, जिन्होंने बाल विवाह जैसी चुनौतियों का सामना किया है। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त बनाना और उनकी समस्याओं पर चर्चा करना था।
मुख्य अतिथि प्रभारी महिला सहायता प्रकोष्ठ, श्रीमती सुमनलता रही, और कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 आदि की जानकारी दी गई। साथ ही, बालिकाओं को पोक्सो एक्ट-2012 और किशोर न्याय अधिनियम-2015 के बारे में भी अवगत कराया गया।कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर और चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) जैसी सेवाओं की भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस आयोजन को सफल बनाने में महिला कल्याण विभाग और बाल कल्याण समिति के अधिकारियों और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें वरिष्ठ सहायक महबूब अली, संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, और काउंसलर राखी देवी का विशेष योगदान रहा।