मंत्री कपिल देव ने बांटे तिरंगे, हर घर तिरंगा अभियान का किया आह्वान

मुजफ्फरनगर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल के नेतृत्व में शिव चौक पर तिरंगा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी, सभासद, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। कपिल देव अग्रवाल ने लोगों को तिरंगा वितरित करते हुए हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन-बान-शान और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान तथा समर्पण का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घर, प्रतिष्ठान और कार्यालय पर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय चेतना, एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत कर रहा है।

राज्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर वीरों को याद करने का दिन है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नागरिकों को तिरंगे वितरित किए तथा स्वतंत्रता दिवस को गरिमा और उत्साह के साथ मनाने का संकल्प लिया। शिव चौक पर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, जितेंद्र कुच्छल, दीपक मित्तल, ममता अग्रवाल, अंजलि चौधरी, राधे वर्मा, रेखा वर्मा, शलभ गर्ग, नंद किशोर पाल, प्रवीण खेड़ा, हरेंद्र पाल, अमित वत्स, सुनील चौधरी सहित सभासद प्रशांत चौधरी, मनोज वर्मा, राजीव शर्मा, मोहित मलिक, रविकांत शर्मा, शोभित गुप्ता, हिमांशु गोयल, अनुज पच्चीसिया, हरीश समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts