मुजफ्फरनगर।श्रावण मास की शिवरात्रि के पावन अवसर पर शिव चौक स्थित शिव मंदिर प्रांगण में भव्य संध्याकालीन शिव महाआरती का आयोजन किया गया। इस आयोजन में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग उत्तर प्रदेश के मंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने सहभागिता की।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक कर महाआरती में भाग लिया और भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। आरती के उपरांत उन्होंने जनपदवासियों को शिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे, साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए। श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत इस आयोजन में पूरे माहौल में धार्मिक ऊर्जा का संचार देखने को मिला।















