मुजफ्फरनगर। जनपद के संवेदनशील माने जाने वाले मीनाक्षी चौक पर नाम बदलने को लेकर शुरू हुआ विवाद लगातार गहराता जा रहा है। इस मुद्दे ने नगर के साम्प्रदायिक माहौल को बिगाड़ने की आशंका बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार, मीनाक्षी चौक पर कुछ तथाकथित हिंदूवादी नेताओं द्वारा ‘महर्षि वाल्मीकि चौक’ के नाम से होर्डिंग लगाए गए थे, जिसके बाद शहर के खालापार और थाना सिविल लाइन क्षेत्रों में हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं द्वारा आपत्तिजनक पोस्टर लगाने की खबर सामने आई है। इन घटनाओं ने नगर में तनाव का माहौल और बढ़ा दिया है।
इस पूरे घटनाक्रम पर वाल्मीकि क्रांति दल के अध्यक्ष दीपक गंभीर ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि मीनाक्षी चौक से वाल्मीकि समाज का कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि मीनाक्षी चौक को नॉनवेज होटल का चौराहा बताते हुए उनके संगठन ने पहले ही इसका विरोध किया था। गंभीर ने आरोप लगाया कि कुछ तथाकथित नेता जानबूझकर वाल्मीकि समाज के त्योहार के समय नगर का साम्प्रदायिक माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह नगर की शांति भंग करने की सुनियोजित साजिश है और इससे आपसी भाईचारे को गंभीर खतरा है।
दीपक गंभीर ने प्रशासन से मांग की है कि माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों और आपत्तिजनक पोस्टर लगाने वालों पर सख्त कार्यवाही की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते प्रशासन ने ऐसे लोगों पर लगाम नहीं लगाई तो नगर की शांति व्यवस्था खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि अफवाहों से दूर रहें और आपसी सद्भाव बनाए रखें।















