सहारनपुर, 15 अगस्त। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त अटल कुमार राय ने आयुक्त कार्यालय सहारनपुर में ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आजादी की 78 वर्षों की यात्रा उपलब्धियों से भरी रही है। आने वाले 2 से 3 वर्षों में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा और हम विकसित भारत के लक्ष्य को अवश्य प्राप्त करेंगे।
मंडलायुक्त ने कहा कि हम सभी भारत माता की संतान हैं। भाईचारे, संवेदना और सम्मान की भावना से ही देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने श्री अरबिंदो घोष के कथन का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की नियति सदैव अखंड रहने की है। स्वच्छता, यातायात नियमों के पालन और सिविक सेंस को देश की ऊँचाइयों पर ले जाने में महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 व्यक्तियों को अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र सिंघल, प्रकृति कुंज से राजेंद्र अटल, कृषि नवीनीकरण में पद्मश्री चौ. सेठपाल, नदियों के उत्थान में रमन कान्त त्यागी, दंत चिकित्सक व समाजसेवी डॉ. पंकज खन्ना, होम्योपैथिक चिकित्सक व समाजसेवी डॉ. आर.एस. त्यागी, वरिष्ठ व्यापारी व समाजसेवी शीतल टंडन, डॉ. पी.डी. गर्ग, मोहम्मद असलम सैफी, ग्राम प्रधान थरौली रीटा चौधरी, टेनिस व फुटबॉल खिलाड़ी अनाया तनेजा, योग गुरु तरुण जैन, भीम सैन कंसल, चंद्रकांत सहगल और मनीष बालियान शामिल रहे।
कार्यक्रम में अपर आयुक्त भानू प्रताप, रमेश यादव, प्रशासनिक अधिकारी कर्णपाल, पीए अरविंद चौधरी, नाजिर अमित जैन सहित मंडलायुक्त कार्यालय के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।















