कांवड़ यात्रा-2025: डीएम और एसएसपी ने भूराहेड़ी चेक पोस्ट पर कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर दिए सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

मुजफ्फरनगर, कांवड़ यात्रा-2025 को सकुशल संपन्न कराने और शिवभक्तों की सुरक्षा व सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने भूराहेड़ी चेक पोस्ट (उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश बार्डर) पर बनाए गए अंतरराज्यीय कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव फुटेज देखी और तैनात पुलिसकर्मियों को 24×7 सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन दिखाई दे तो तुरंत उच्चाधिकारियों को सूचित किया जाए, और यदि किसी यात्री की तबीयत बिगड़ती है या कोई अप्रिय घटना घटती है तो त्वरित सहायता दी जाए। उत्तराखंड पुलिस के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम में लगे पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम से श्रद्धालुओं का जनपद में स्वागत किया और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही, पुरकाजी नगर पंचायत अध्यक्ष जहीर फारुखी और स्थानीय जनता के सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

इसके उपरांत जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हाइवे पर स्थित थानाक्षेत्र पुरकाजी, छपार, नई मंडी, मंसूरपुर, खतौली में कांवड़ मार्गों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बैरियर व्यवस्था, ट्रैफिक डायवर्जन और पुलिस तैनाती की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी कुशलता पूछी गई और बताया गया कि हाईवे पर आवश्यक हेल्पलाइन नंबर लगाए गए हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में श्रद्धालु 112 डायल कर सकते हैं। इस अवसर पर एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत, एसपी क्राइम इन्दु सिद्धार्थ, एसपी ट्रैफिक अतुल कुमार चौबे समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts