कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 (CWG 2026) में भारतीय मुक्केबाजों से जैसी उम्मीद थी, वैसा ही प्रदर्शन देखने को मिला है. देश की दिग्गज महिला बॉक्सर जैस्मीन ने इसमें अपना जबरदस्त योगदान दिया है. मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन जैस्मीन लंबोरिया अब कॉमनवेल्थ गेम्स चैंपियन भी बन गई हैं. बर्मिंघम में 4 साल पहले पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली जैस्मीन ने इस बार अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए सीधे गोल्ड पर पंच लगा दिया.
शनिवार 1 अगस्त को महिलाओं के 57 किलोग्राम वेट कैटेगरी में उतरी जैस्मीन ने फाइनल में पिछले गेम्स की चैंपियन नॉरदर्न आयरलैंड की मिकेला वॉल्श को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से हरा दिया. इस तरह वो CWG 2026 में बॉक्सिंग का गोल्ड जीतने वाली दूसरी भारतीय बनीं. उनसे ठीक पहले प्रीति पवार ने 54 किलो कैटेगरी में गोल्ड मेडल जीतकर भारत के लिए शानदार शुरुआत की थी.
हरियाणा के भिवानी से आने वाली 24 साल की जैस्मीन ने अपने अब तक के करियर में कई उपलब्धियां हासिल कर ली हैं और ग्लासगो गेम्स में जीते गोल्ड ने उसमें एक नया अध्याय जोड़ा है.























































