मुजफ्फरनगर में समाजवादी पार्टी ने सरदार वल्लभभाई पटेल और आचार्य नरेंद्र देव की जयंती हर्षोल्लास से मनाई.

मुजफ्फरनगर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा कार्यालय में देश के दो महान स्वतंत्रता सेनानियों—भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल और प्रमुख समाजवादी विचारक आचार्य नरेंद्र देव जी की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल और आचार्य नरेंद्र देव के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद आयोजित विचार गोष्ठी में दोनों महान विभूतियों के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ज़िया चौधरी एडवोकेट ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किया, वह सदा प्रेरणास्रोत रहेगा। भारत की सैकड़ों रियासतों को एकजुट कर एक मजबूत राष्ट्र का निर्माण करने का श्रेय सरदार पटेल को जाता है। उन्होंने अपने लौह इरादों और दृढ़ संकल्प से भारत को संगठित और सशक्त बनाया। आज भी उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ज़िया चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाकर हम उनके विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हैं।

वहीं, सपा नेता चौधरी ओमपाल सिंह, सोमपाल सिंह कोरी और साजिद हसन ने आचार्य नरेंद्र देव के समाजवादी विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आचार्य नरेंद्र देव न केवल एक स्वतंत्रता सेनानी थे बल्कि समाजवाद के सशक्त स्तंभ भी थे। उन्होंने समाज में समानता, न्याय और शिक्षा के प्रसार के लिए अपना जीवन समर्पित किया। एक शिक्षाविद् के रूप में उन्होंने राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाई और देश की युवापीढ़ी को सामाजिक चेतना की राह दिखाई।

कार्यक्रम में समाजवादी बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी की राष्ट्रीय सचिव पूजा अनिल अंबेडकर, समाजवादी मजदूर सभा के प्रदेश सचिव हनीफ इदरीसी, समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय सचिव नवाब इम्तियाज कुरैशी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सत्यवीर त्यागी, सपा नेता रोहित चौधरी, राहुल रानिया, पवन पाल, सपा सभासद सुंदर सिंह, लोकेंद्र कुमार, राव नफीस, आयुष चौधरी, हुसैन राणा, हरिदेव प्रधान, रविंद्र कुमार, मोंटी सिंह समेत बड़ी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल और आचार्य नरेंद्र देव का जीवन राष्ट्र सेवा, त्याग, और समाज उत्थान की भावना का प्रतीक है। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही देश में सच्चे अर्थों में सामाजिक न्याय और समानता की स्थापना की जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रीय एकता और समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। पूरा वातावरण देशभक्ति और समाजवादी जोश से ओतप्रोत दिखाई दिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts