मुजफ्फरनगर में जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय समन्वय समिति की अहम बैठक.

मुजफ्फरनगर। भारत सरकार के निर्देशानुसार एवं शासन के दिशा-निर्देशन में जनगणना 2027 को लेकर जिला स्तर पर तैयारियों की समीक्षा हेतु कलैक्ट्रेट स्थित एनआईसी मीटिंग हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी कण्डारकर कमल किशोर देशभूषण ने की। इस बैठक में जिला जनगणना समन्वय समिति के सदस्य एवं नामित इंचार्ज अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य आगामी जनगणना को सुचारु, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराए जाने के लिए आवश्यक रणनीति तय करना रहा।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जनगणना कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों को उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर आपसी समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया, ताकि किसी भी स्तर पर कार्य में बाधा उत्पन्न न हो और जनगणना प्रक्रिया निर्बाध रूप से आगे बढ़े।अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना 2027 एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसके अंतर्गत प्रत्येक क्षेत्र में समय से हाउस लिस्टिंग एवं ब्लॉक लिस्टिंग का कार्य पूर्ण किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान प्रत्येक नागरिक की सही, सटीक और पूर्ण जानकारी का संकलन किया जाना आवश्यक है, जिससे भविष्य की योजनाओं और नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा सके।

बैठक में जनगणना से संबंधित कार्मिकों की उपलब्धता, उनके प्रशिक्षण, लॉजिस्टिक व्यवस्था, सूचना प्रौद्योगिकी संसाधनों के उपयोग तथा जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों को समय रहते आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाए, ताकि जनगणना कार्य में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या न आए।इसके साथ ही बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जनगणना कार्य के दौरान गोपनीयता और डाटा सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की जानकारी का दुरुपयोग या सुरक्षा में चूक को गंभीरता से लिया जाएगा। जनगणना की प्रगति की नियमित समीक्षा के लिए समय-समय पर बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।अंत में सभी नामित इंचार्ज अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे अपने-अपने विभागों एवं क्षेत्रों में जनगणना 2027 से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लें और जिला प्रशासन को पूरा सहयोग प्रदान करें, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गजेन्द्र कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी विनीत गर्ग, जिला पंचायत राज अधिकारी रेणू श्रीवास्तव, समस्त तहसीलदार, समस्त अधिशासी अधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर प्रिंस जैन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts