मुजफ्फरनगर में हिंदू धर्म के रक्षक और हिंद की चादर माने जाने वाले गुरु तेग बहादुर साहिब जी तथा भाई मती दास, भाई सती दास और भाई दयाल जी की 350वीं शहीदी शताब्दी के उपलक्ष्य में सोमवार को एक विशाल टू व्हीलर रैली का आयोजन किया गया। यह रैली सुबह 12 बजे रोडवेज गुरुद्वारे से आरंभ हुई, जिसमें बच्चों, युवाओं, युवतियों, बुजुर्गों और सैकड़ों टू व्हीलर वाहनों पर सवार श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान पूरे नगर में श्रद्धा, सम्मान और साहस का अद्भुत संगम दिखाई दिया, जहां युवा पीढ़ी से लेकर वृद्ध तक, सभी गुरु साहिब की महान कुर्बानियों को याद करते हुए आगे बढ़ते नजर आए।रैली रोडवेज गुरुद्वारे से प्रारंभ होकर कोर्ट रोड, झांसी की रानी चौक, शिव चौक, रुड़की रोड, अंसारी रोड, सोल्जर बोर्ड, भोपा पुल, गौशाला रोड, वकील रोड, भोपा रोड, लिंक रोड और गांधी कॉलोनी से होते हुए गांधी कॉलोनी गुरुद्वारे पर जाकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में संगत ने “बोलो… सतनाम वाहेगुरु” के जयकारों के साथ गुरु साहिब की शिक्षाओं का संदेश प्रसारित किया। जगह–जगह लोगों ने रैली का स्वागत किया और नगरवासियों ने भी श्रद्धा के साथ इस आयोजन में सहभागिता दिखाई।इस धार्मिक और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने वाली रैली का संचालन गुरु सिंह सभा मुजफ्फरनगर के प्रधान सतपाल सिंह मान और सेक्रेटरी अजीत सिंह मलिक ने किया। उनके साथ गुरुद्वारा कमेटी के सभी पदाधिकारियों और मेंबर्स ने मिलकर आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल के बच्चों की भागीदारी ने रैली में एक नई ऊर्जा का संचार किया। छोटे–छोटे बच्चों को गुरु साहिब की शहादत का संदेश जन–जन तक पहुंचाते देख लोगों का उत्साह चरम पर था।रैली के समापन के बाद संगत के लिए लंगर का प्रबंध किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे कार्यक्रम में भाईचारे, सद्भाव और धर्मनिष्ठा का अनुपम दृश्य देखने को मिला। इस आयोजन ने न केवल गुरु तेग बहादुर साहिब जी के बलिदान को याद किया, बल्कि समाज में एकता, मानवता और निडरता का संदेश भी दिया।















