मुजफ्फरनगर। हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को नगर पालिका टाउन हॉल से भव्य तिरंगा यात्रा रैली निकाली गई। एमएलसी वंदना वर्मा, ब्लॉक प्रमुख चरथावल अक्षय कुंडीर, मीरापुर विधायक प्रतिनिधि अमरपाल और मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने वंदे मातरम गायन के साथ रैली को रवाना किया। रैली में विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रधानाचार्य, एनसीसी कैडेट्स, अधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा टाउन हॉल से शुरू होकर शिव चौक, अंसारी रोड और मालवीय चौक से होते हुए वापस टाउन हॉल पहुंची, जहां एमएलसी वंदना वर्मा की अध्यक्षता में इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लेकर प्रतिभागियों ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का संदेश दिया। पूरे मार्ग पर देशभक्ति के नारों और लहराते तिरंगों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत नजर आया।
एमएलसी वंदना वर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान 9 से 17 अगस्त तक गौरव और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभावना को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि अभियान जनपद मुख्यालय के साथ तहसील, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर भी आयोजित किया जा रहा है।
मुख्य विकास अधिकारी ने लोगों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के प्रति सम्मान व जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने का आह्वान किया। रैली में जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव, डीसी एनआरएलएम केएन पांडेय, जिला उप क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव, अपर सूचना अधिकारी नरसिंह, जिला युवा अधिकारी अवेक्षा कपूर सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार और भारत भूषण ने किया।
























































