मुजफ्फरनगर के श्रीराम कॉलेज के खेल प्रांगण में आयोजित ‘वार्षिक खेलकूद-2026’ के अंतर्गत एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गजेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुजफ्फरनगर तथा विशिष्ट अतिथि यश गर्ग, राज्य खिलाड़ी, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया और एथलेटिक्स मीट-2026 के विधिवत प्रारंभ की घोषणा की। इस अवसर पर कॉलेज के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट कर अनुशासन और उत्साह का परिचय दिया, वहीं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने वातावरण को उत्सवमय बना दिया।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में पुरुष और महिला वर्ग की 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर, 800 मीटर, 1500 मीटर और 3000 मीटर दौड़ के साथ शॉटपुट, डिस्कस थ्रो और लंबी कूद जैसी स्पर्धाएं आयोजित की गईं। 800 मीटर महिला वर्ग में शारीरिक शिक्षा विभाग की राधिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि पुरुष वर्ग में रवि भाटी विजेता रहे। 100 मीटर पुरुष वर्ग में अर्जुन गोलियान और महिला वर्ग में रीया ने बाजी मारी। 3000 मीटर महिला वर्ग में बायोसाइंस विभाग की अनुभा तथा पुरुष वर्ग में शिवा ने पहला स्थान हासिल किया।
200 मीटर पुरुष वर्ग में अर्जुन गोलियान और महिला वर्ग में वैष्णवी त्यागी अव्वल रहीं। 400 मीटर पुरुष वर्ग में रवि भाटी तथा महिला वर्ग में वैष्णवी त्यागी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 1500 मीटर में पुरुष वर्ग में रवि भाटी और महिला वर्ग में राधिका विजेता रहीं। शॉटपुट पुरुष वर्ग में प्रियांशु ने 11.50 मीटर दूरी तक गोला फेंककर पहला स्थान हासिल किया, जबकि महिला वर्ग में चाहत ने 7.40 मीटर के साथ बाजी मारी। डिस्कस थ्रो में पुरुष वर्ग में प्रियांशु और महिला वर्ग में चाहत ने शानदार प्रदर्शन किया। लंबी कूद में पुरुष वर्ग में आकाश और महिला वर्ग में वैष्णवी त्यागी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मिक्स रिले प्रतियोगिता में शारीरिक शिक्षा विभाग की टीम विजेता रही।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, नेतृत्व और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं तथा विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय रहना चाहिए। कार्यक्रम में कॉलेज प्रबंधन, विभिन्न विभागाध्यक्षों, प्राध्यापकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। प्रतियोगिताओं ने पूरे परिसर में उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना दिया।















