भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड
मुजफ्फरनगर ,होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज, जडौदा, मुजफ्फरनगर में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-05 का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित करके शुरुआत की, जिसमें ए.एच.टी.यू. प्रभारी सर्वेश कुमार, महिला थाना प्रभारी संगीता डागर, बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार और प्रधानाचार्य प्रवेन्द्र दहिया शामिल थे।
मिशन शक्ति फेज-05 की शुरुआत अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में हुई। जिला प्रशासन के निर्देशन में यह आयोजन महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न हेल्पलाइन नंबर्स की जानकारी दी गई, जैसे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 181, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 102 और 108 नंबर।संगीता डागर ने छात्राओं को सुरक्षा के विभिन्न उपायों के बारे में बताया, जबकि सर्वेश कुमार ने साइबर क्राइम और मानव तस्करी के मुद्दों पर छात्राओं को जागरूक किया। डॉ. राजीव कुमार ने सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लैंगिक समानता पर प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया, जिसमें भाग लेने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।