मुजफ्फरनगर के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ाना मोड़ पर स्थित अंकुर फर्टिलाइजर प्राइवेट लिमिटेड में जहरीली गैस के रिसाव की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के वक्त फैक्ट्री के बाहर आराम कर रहे कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर–उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने के साथ जांच शुरू कर दी।कांवड़ यात्री भोले बॉबी त्यागी ने बताया कि वे फैक्ट्री के बाहर आराम कर रहे थे, तभी अचानक करीब 40 सेकंड तक जहरीली गैस का रिसाव हुआ। उन्होंने कहा कि यदि रिसाव कुछ सेकंड और चलता, तो कई लोगों की जान जा सकती थी। उन्होंने मुंह पर कपड़ा बांधकर किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना के दौरान सांस लेना कठिन हो गया था और गले में जलन महसूस हुई। आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल भागे।स्थानीय निवासी और जिला पंचायत वार्ड 12 के सदस्य अमरकांत मलिक उर्फ चीकू ने बताया कि इस फैक्ट्री से पहले भी कई बार गैस रिसाव की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते 20-25 वर्षों से क्षेत्रवासी इस फैक्ट्री के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं, लेकिन फैक्ट्री मालिक प्रभावशाली लोगों को पैसे देकर कार्रवाई से बचता रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस फैक्ट्री को तुरंत बंद कराया जाए ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके।फैक्ट्री के मालिक आर.एस. बंसल ने हालांकि गैस रिसाव की घटना से इनकार किया है, लेकिन जांच की बात स्वीकार की है। उनका कहना है कि यदि वास्तव में ऐसा कुछ हुआ है तो फैक्ट्री को बंद कर सभी खामियों को दूर किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदूषण विभाग की सिफारिशों को पहले ही लागू किया जा चुका है और आगे जो भी सुधार आवश्यक होंगे, उन्हें किया जाएगा।फिलहाल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी है। क्षेत्र के लोग और कांवड़ यात्री इस हादसे से आक्रोशित हैं और फैक्ट्री को बंद कराने की मांग पर अड़े हुए हैं।















