मुजफ्फरनगर के शाहपुर कस्बे में उस समय हड़कंप मच गया जब पैंठ मैदान में गैस रिफिलिंग के दौरान एक मारुति वैन में अचानक आग लग गई। यह हादसा पुलिस चौकी के ठीक सामने हुआ, जहां वैन में एलपीजी गैस भरते समय तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में वैन आग का गोला बन गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वैन पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
वैन के पास खड़ी एक बस और सामान ढोने वाली रिक्शा भी आग की लपटों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। आग बुझने के बाद पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों से वैन के मालिक और गैस रिफिलिंग करने वाले व्यक्ति की जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी उसके बारे में जानकारी नहीं दे सका। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुट गई है और वैन मालिक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।















