एकनाथ शिंदे का एक्स अकाउंट हैक, पाकिस्तान और तुर्किए के झंडे पोस्ट कर मचाई सनसनी

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर आधिकारिक अकाउंट शनिवार को हैक हो गया। इस घटना ने न केवल राज्य के राजनीतिक गलियारों में बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के बीच भी चिंता बढ़ा दी। हैकर्स ने अकाउंट का कंट्रोल अपने हाथ में लेकर पाकिस्तान और तुर्किए के झंडों की तस्वीरें पोस्ट कर दीं। इतना ही नहीं, हैकरों ने झंडों की तस्वीरों के साथ लाइव स्ट्रीमिंग भी शुरू कर दी, जिससे मामला और गंभीर हो गया। अचानक हुए इस साइबर हमले के बाद कई उपयोगकर्ताओं ने अकाउंट पर संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत की, जिसके बाद अधिकारी हरकत में आए।

सूत्रों के अनुसार, घटना की जानकारी मिलते ही साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों और संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया। अधिकारियों ने एक्स कंपनी से भी संपर्क साधा और अकाउंट की सुरक्षा बहाल करने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल तकनीकी टीम ने अकाउंट पर नियंत्रण पाने के प्रयास तेज कर दिए हैं।यह घटना ऐसे समय में हुई है जब सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साइबर अटैक की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। राजनीतिक नेताओं और बड़े हस्तियों के अकाउंट साइबर अपराधियों के निशाने पर लगातार आ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह हैकिंग न केवल राजनीतिक शरारत हो सकती है बल्कि साइबर आतंकवाद से जुड़ी बड़ी साजिश का हिस्सा भी हो सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुट गई हैं कि इस साइबर हमले के पीछे कौन-सी संगठन या व्यक्ति सक्रिय हैं और उनका मकसद क्या था।

इस घटना के बाद यह सवाल भी उठने लगे हैं कि उच्चस्तरीय नेताओं के सोशल मीडिया अकाउंट्स कितने सुरक्षित हैं और साइबर सुरक्षा ढांचे को मजबूत बनाने के लिए और क्या कदम उठाए जाने चाहिए। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस मामले का पर्दाफाश किया जाएगा और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts