बड़ौत। साप्ताहिक अवकाश की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर बुधवार को गांधी पार्क में श्रमिकों व नागरिकों ने गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना दिया। यह प्रदर्शन नगर के वार्ड 13 के सभासद और बड़ौत श्रमिक एसोसिएशन के महासचिव विक्रांत तोमर और शिक्षक नेता जितेंद्र तोमर के नेतृत्व में हुआ।
धरने में एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रवीण वर्मा, अरुण शर्मा, राहुल, सन्नी, अहसान, दीपक टांक, रोहित, वेद, और दलपत सहित अन्य लोग शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि साप्ताहिक बंदी के बावजूद बड़ौत का बाजार सामान्य दिनों की तरह खुला रहता है, जिसके कारण दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रमिकों को साप्ताहिक अवकाश नहीं मिल पाता।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि अगले बुधवार को भी साप्ताहिक बंदी का पालन नहीं हुआ, तो जिला अधिकारी कार्यालय पर धरना दिया जाएगा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में भी शिकायत दर्ज कराई जाएगी।















