मुजफ्फरनगर के जिला कलेक्ट्रेट की नई डबल स्टोरी बिल्डिंग के निर्माण की प्रक्रिया अब तेज़ी से आगे बढ़ रही है। जिलाधिकारी उमेश कुमार मिश्रा ने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अनिल राणा और उनकी टीम के साथ कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जमीन की नपाई-तुलाई की गई और बिल्डिंग का प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हुई। लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस बिल्डिंग को भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कई बार सर्वेक्षण कर पुराने कर्मचारियों से भी राय ली। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत कार्यालय, सूचना विभाग, एनआईसी और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग ऑफिस के पीछे जमीन की नपाई की गई। बिल्डिंग इस प्रकार से डिज़ाइन की जाएगी कि धरना-प्रदर्शन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो और प्रदर्शनकारियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो। कलेक्ट्रेट का नया कार्यालय बेहतर सुविधाओं से लैस होगा और जिला पंचायत कार्यालय का कुछ हिस्सा भी इसमें शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे कलेक्ट्रेट और जिला पंचायत कार्यालय का सौंदर्यकरण भी किया जाएगा। बिल्डिंग में आने वाले लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अधिकारी से मिलने आने वालों को सुविधा मिले।















