इंडियन आर्मी कई सड़कों, इमारतों के नाम बदल रही है। औपनिवेशक दौर के नामों की जगह अब वीरता पुरस्कार विजेताओं, युद्ध नायकों के नाम पर जगहों के नाम रखे गए हैं। एक अधिकारी ने कहा कि अपनी सैन्य विरासत को मजबूत पहचान देने और अंग्रेज़ों के समय के प्रतीकों से दूरी बनाने के लिए यह पहल की गई है।
सेना ने बदले इतने नाम
भारतीय सेना ने 246 सड़कों, इमारतों और अन्य सुविधाओं के नाम बदले हैं। वीरता पुरस्कार विजेताओं, युद्ध नायकों और प्रमुख सैन्य नेताओं के योगदान को सम्मान देते हुए नए नाम उनके नाम पर रखे गए हैं। कुल 124 सड़कें, 77 रिहायशी कॉलोनियां, 27 इमारतें और सैन्य सुविधाएं, 18 अन्य सुविधाएं, जैसे पार्क, ट्रेनिंग एरिया, खेल मैदान, गेट और हेलिपैड के नाम बदले गए हैं।
बहादुरी के सम्मान देने के लिए अहम हिस्सा
ये पहल देशभर में बहादुरी और सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देने की व्यापक कोशिशों का हिस्सा है। देश के अलग-अलग कैंटोनमेंट और सैन्य ठिकानों पर पहले जो नाम ब्रिटिश दौर के थे उन्हें अब भारत के सैन्य इतिहास से जुड़े नामों से बदल दिया गया है। दिल्ली कैंट में किर्बी प्लेस का नाम बदलकर केनुगुरुसे विहार, मॉल रोड का नाम बदलकर अरुण खेतरपाल मार्ग रखा गया है। अंबाला कैंट में पैटरसन रोड क्वार्टर्स का नाम बदलकर धन सिंह थापा एन्क्लेव रखा गया है।
मथुरा कैंट का भी बदला नाम
मथुरा कैंट में न्यू हॉर्न लाइन का नाम बदलकर अब्दुल हमीद लाइन्स कर दिया गया है। जयपुर कैंट में क्वींस लाइन रोड का नाम बदलकर सुंदर सिंह मार्ग किया गया है। बरेली कैंट में न्यू बर्डवुड लाइन का नाम बदलकर थिमैया कॉलोनी किया गया है। महू कैंट में मैल्कम लाइन्स का नाम बदलकर पीरू सिंह लाइन्स कर दिया गया है। भारतीय सैन्य अकादमी देहरादून में कॉलिन्स ब्लॉक का नाम बदलकर नुब्रा ब्लॉक, किंग्सवे ब्लॉक का नाम बदलकर कारगिल ब्लॉक किया गया है।
पहले ही बदला था फोर्ट विलियम का नाम
कोलकाता में फोर्ट विलियम का नाम बदलकर विजय दुर्ग पहले ही कर दिया गया था। रंगापहाड़ मिलिट्री स्टेशन में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का नाम बदलकर लैशराम ज्योतिन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स किया गया है। जखामा मिलिट्री स्टेशन में स्पीयर लेक मार्ग का नाम बदलकर हैंगपन दादा मार्ग किया गया है।















