मुजफ्फरनगर में मुख्यमंत्री जन स्वास्थ्य आरोग्य मेलों का सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने किया निरीक्षण,

मुजफ्फरनगर जनपद में मुख्यमंत्री जन स्वास्थ्य आरोग्य मेलों के अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य कार्यक्रमों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा व्यापक निरीक्षण किया गया। इस क्रम में उन्होंने जनपद के चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों — प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुरबालियान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोहजनी तागान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बडसू एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नावला में आयोजित मुख्यमंत्री जन स्वास्थ्य आरोग्य मेलों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मेलों में उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, ओपीडी के संचालन, निःशुल्क जांच व्यवस्था, दवाओं के वितरण, आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति, साफ-सफाई की स्थिति तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों से जानकारी प्राप्त की और यह भी सुनिश्चित किया कि शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी सेवाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं।डॉ. सुनील तेवतिया ने मेलों में पहुंचे लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उपचार, जांच एवं अन्य सेवाओं के संबंध में उनका फीडबैक लिया। लाभार्थियों से प्राप्त सुझावों और प्रतिक्रियाओं के आधार पर उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन स्वास्थ्य आरोग्य मेले शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल हैं, जिनका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के आम नागरिकों को एक ही स्थान पर सुलभ, निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान उपस्थित चिकित्सकों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज की समुचित जांच की जाए और समय पर उपचार के साथ आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि दवा वितरण में पारदर्शिता और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी मरीज को दवा के लिए परेशान न होना पड़े।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग की समस्त एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सभी पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान गोल्डन कार्ड अनिवार्य रूप से बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है, इसलिए कोई भी पात्र व्यक्ति इसके लाभ से वंचित न रह जाए।इसके साथ ही उन्होंने आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं को यह भी निर्देश दिए कि जिन युवाओं की आयु 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है, उन्हें वोटर आईडी कार्ड बनवाने के लिए जागरूक किया जाए। ऐसे सभी युवाओं के फॉर्म-6 भरवाने की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूरी कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा मतदाता सूची में शामिल हो सकें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित हो।निरीक्षण के अंत में डॉ. सुनील तेवतिया ने पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों को मेले की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने, अभिलेखों का समुचित संधारण करने तथा लाभार्थियों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts