गाजियाबाद में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है. शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.मुख्यमंत्री का कार्यक्रम नेहरू नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में निर्धारित है, जहां वे संघ पदाधिकारियों की एक अहम बैठक में शामिल होने वाले हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है.
2 बजे तक रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान लागू
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सुबह 8 बजे से दोपहर करीब 2 बजे तक विशेष ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा. इस दौरान कार्यक्रम स्थल के आसपास और उससे जुड़े कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा. भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी जाएगी. डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि लोगों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन की जानकारी ले लेनी चाहिए, ताकि अनावश्यक जाम और परेशानी से बचा जा सके.
मुख्यमंत्री का काफिला हिंडन एयरफोर्स स्टेशन से सड़क मार्ग के जरिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेगा. बैठक समाप्त होने के बाद उनका काफिला पुलिस लाइन जाएगा और वहां से हेलीकॉप्टर के माध्यम से ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना होगा. इस पूरे मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी.
भारी वाहनों की एंट्री पर पूर्ण प्रतिबंध
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत कई स्थानों पर भारी वाहनों की एंट्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है. आत्माराम स्टील से डायमंड तिराहा होते हुए हापुड़ चुंगी की ओर जाने वाले बड़े वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी. इसके अलावा लोहामंडी से विवेकानंद मार्ग के जरिए हापुड़ चुंगी की ओर जाने वाले ट्रकों को भी रोका जाएगा. एएलटी चौराहे से हापुड़ चुंगी और राजनगर एक्सटेंशन की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर भी प्रतिबंध रहेगा. नागद्वार से राजनगर एक्सटेंशन की दिशा में जाने वाले ट्रक और अन्य बड़े वाहन भी इस दौरान नहीं गुजर सकेंगे.
इसके साथ ही करन गेट से हिंडन एयरफोर्स गोलचक्कर की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर भी रोक लगाई गई है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सबसे बड़ा ट्रैफिक बदलाव किधर?
सबसे बड़ा ट्रैफिक बदलाव होली चाइल्ड स्कूल से कालकागढ़ी चौक के बीच देखने को मिलेगा. इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी. यहां तक कि दोपहिया और छोटे चार पहिया वाहन भी इस रास्ते से नहीं गुजर पाएंगे. इस इलाके में अतिरिक्त बैरिकेडिंग और पुलिस की तैनाती की गई है.
ट्रैफिक प्रतिबंधों के बावजूद आपातकालीन सेवाओं को प्रभावित न होने देने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर मार्ग दिया जाएगा. प्रशासन ने स्कूल बसों, कार्यालय वाहनों और परिवहन संचालकों को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.
लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था
कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा जांच, मेटल डिटेक्टर, सीसीटीवी निगरानी और लगातार पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है. अधिकारियों का कहना है कि कार्यक्रम समाप्त होते ही धीरे-धीरे ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी. फिलहाल शहर में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और लोगों से सहयोग की अपील की गई है.















